वाशिंगटन डीसी | अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन डीसी बुधवार शाम गोलियों की आवाज से दहल उठी, जब व्हाइट हाउस से मात्र दो ब्लॉक दूर एक अफगान शरणार्थी ने नेशनल गार्ड्स पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस घटना में दो गार्ड गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि हमलावर को काबू में करके गिरफ्तार कर लिया गया।
व्हाइट हाउस के बाहर गोलीबारी के बाद की डरावनी फुटेज। पुलिस और नेशनल गार्ड मौके पर पहुंचे।
— Umashankar Singh उमाशंकर सिंह (@umashankarsingh) November 26, 2025
संदिग्ध हमलावर रहमानुल्लाह लाकनवाल गिरफ्तार
FBI ने बताया कि आरोपी की पहचान रहमानुल्लाह लाकनवाल के रूप में हुई है, जो अगस्त 2021 में अफगानिस्तान से अमेरिका पहुंचा था। उसने 2024 में शरणार्थी दर्जे के लिए आवेदन किया था और हाल ही में उसे मंजूरी मिली थी। फैरागट वेस्ट मेट्रो स्टेशन के पास वह कुछ देर तक इंतजार करता रहा और करीब 2:15 बजे अचानक फायरिंग शुरू कर दी। उसने पहले एक महिला गार्ड को सीने और फिर सिर में गोली मारी, इसके बाद दूसरे गार्ड पर निशाना लगाया। मौके पर मौजूद तीसरे गार्ड ने तुरंत लाकनवाल को काबू कर लिया।
फायरिंग के दौरान हमलावर भी घायल
गिरफ्तारी से पहले हमलावर को भी चार गोलियां लगीं। उसे लगभग बिना कपड़ों के स्ट्रेचर पर लेटाकर अस्पताल ले जाया गया। घटना के बाद US Secret Service, ATF और DC टास्क फोर्स ने इलाके को घेर लिया।
ट्रम्प का सख्त बयान— “वो भारी कीमत चुकाएगा”
हमले के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए इसे “पूरे राष्ट्र और मानवता के खिलाफ अपराध” बताया। उन्होंने डीसी में सुरक्षा बढ़ाने के लिए 500 अतिरिक्त नेशनल गार्ड्स भेजने का आदेश दिया। ट्रम्प ने संदिग्ध को “जानवर” कहते हुए कहा कि वह “बहुत भारी कीमत चुकाएगा।”


अमेरिका ने अफगान नागरिकों की इमिग्रेशन प्रक्रिया रोकी
हमले के बाद USCIS ने बड़ा कदम उठाते हुए अफगान नागरिकों की इमिग्रेशन से जुड़ी सभी प्रक्रिया अनिश्चितकाल के लिए रोक दी है। एजेंसी ने कहा कि सुरक्षा की पुनः समीक्षा पूरी होने तक कोई भी मामला आगे नहीं बढ़ेगा।
मकसद अभी भी साफ नहीं
पुलिस और FBI हमलावर के उद्देश्य की जांच कर रही हैं। शुरुआती रिपोर्ट्स में इसे आतंकी हमले के रूप में देखा जा रहा है, हालांकि अब तक कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है।






