शाहपुरा, संवाददाता :विजयपाल सैनी
राजस्थान के शाहपुरा क्षेत्र में एक अनोखी शादी की चर्चा जोरों पर है। स्वामीपुरा निवासी अंगराज स्वामी ने अमेरिका निवासी युवती ऐरन (Aaren) से भारतीय परंपराओं के अनुसार सात फेरे लेकर शादी की।यह विवाह न केवल दो दिलों का मिलन रहा, बल्कि दो संस्कृतियों के संगम का सुंदर उदाहरण भी बना।जानकारी के अनुसार, यह शादी 8 नवंबर को शाहपुरा क्षेत्र की एक निजी होटल में संपन्न हुई।अमेरिकन दुल्हन ऐरन पारंपरिक लाल जोड़े में सजी नजर आईं, जबकि दूल्हे अंगराज स्वामी ने शेरवानी पहनकर भारतीय परंपरा का निर्वहन किया।शादी पूरी तरह हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार हुई, जिसमें पंडित ने मंत्रोच्चार के बीच सात फेरे पूरे करवाए।
विदेश से आई बारात ने बढ़ाई शादी की रौनक
दुल्हन ऐरन के परिवार से उनके माता-पिता, भाई-बहन सहित करीब 70 लोग अमेरिका से भारत पहुंचे।इन विदेशी मेहमानों ने भारतीय संस्कृति, परंपरा और आतिथ्य का खुलकर आनंद लिया।राजस्थानी व्यंजन, पारंपरिक संगीत और सजे हुए पांडाल ने शादी को संस्कृति मिलन का उत्सव बना दिया।
संतों ने दिया आशीर्वाद
शादी के बाद सोमवार को स्वामीपुरा में आशीर्वाद समारोह आयोजित किया गया।इस कार्यक्रम में त्रिवेणी धाम के संत रामरिछपाल दास जी महाराज और अवधपुरी धाम के बनारसी दास जी महाराज ने विशेष रूप से पहुंचकर नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद दिया।संतों ने नवदंपति के सुखद वैवाहिक जीवन की कामना करते हुए कहा कि यह विवाह दो संस्कृतियों के बीच प्रेम और सम्मान का संदेश देता है।
राजस्थानी नृत्य में झूमी विदेशी दुल्हन
आशीर्वाद समारोह में राजस्थानी कलाकार रामू मारवाड़ी द्वारा प्रस्तुत लोक नृत्य और गीतों ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।दुल्हन ऐरन ने भी ग्रामीण महिलाओं के साथ पारंपरिक नृत्य में हिस्सा लिया, जिसे देखकर दर्शक तालियों से गूंज उठे।अमेरिकन मेहमानों ने राजस्थानी संस्कृति की सराहना करते हुए कहा कि “यह अनुभव जीवनभर याद रहेगा।”
गांव में चर्चा का विषय बनी अनोखी शादी
यह अनोखी शादी पूरे शाहपुरा क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गई है।ग्रामीणों ने इसे प्रेम, आस्था और भारतीय संस्कृति की शक्ति का प्रतीक बताया।स्थानीय लोगों ने कहा कि यह विवाह दिखाता है कि भारतीय संस्कार और परंपराएं विश्वभर के लोगों को आकर्षित करती हैं।
#AmericanBride #IndianGroom #CrossCulturalWedding #ShahpuraNews #RajasthanWedding





