बारां,संवाददाता:पवन कुमार शर्मा
भारत स्काउट और गाइड राष्ट्रीय मुख्यालय द्वारा आयोजित 19वीं राष्ट्रीय स्काउट गाइड जंबूरी की तैयारियां पूरे उत्साह के साथ शुरू हो चुकी हैं।राजस्थान प्रांत की ओर से फिजिकल डिस्प्ले प्रतियोगिता की तैयारी इन दिनों मृदुल भवन मैदान, बारां में चल रही है।इस विशेष तैयारी शिविर का संचालन सहायक राज्य संगठन आयुक्त दिलीप कुमार माथुर द्वारा किया जा रहा है।राज्य संगठन आयुक्त पूरण सिंह शेखावत ने आज बारां पहुंचकर जंबूरी की तैयारियों का निरीक्षण किया।उन्होंने स्काउट और गाइड के दलों से मुलाकात की, अभ्यास सत्रों का जायजा लिया और सुधार की दृष्टि से कई दिशा-निर्देश प्रदान किए।उन्होंने कहा कि,“बारां जिले को फिजिकल डिस्प्ले प्रतियोगिता का जिम्मा देकर कोटा मंडल ने सराहनीय निर्णय लिया है।यहां से होने वाली तैयारी से राजस्थान की टीम राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करेगी।”
फिजिकल डिस्प्ले प्रतियोगिता की तैयारी मृदुल भवन मैदान में जारी
8 नवंबर से शुरू हुई यह तैयारी मृदुल भवन मैदान, बारां में लगातार जारी है।प्रतियोगिता में भाग लेने वाले स्काउट और गाइड का दल शारीरिक प्रदर्शन की विविध गतिविधियों का अभ्यास कर रहा है।इसमें शारीरिक दक्षता, समन्वय और टीमवर्क पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है ताकि राष्ट्रीय स्तर पर राजस्थान का प्रदर्शन उत्कृष्ट हो।
81 सदस्यीय दल करेगा राष्ट्रीय जंबूरी में प्रतिनिधित्व
सर्कल ऑर्गेनाइज़र स्काउट प्रदीप चित्तौड़ा ने बताया कि बारां जिले से कुल 81 सदस्यीय दल राष्ट्रीय जंबूरी में भाग लेगा।इसमें स्काउट के 6 पेट्रोल और गाइड के 3 पेट्रोल शामिल हैं।कुल 48 स्काउट और 24 गाइड होंगे, जिनके साथ 9 प्रभारी सदस्य रहेंगे।यह दल राजस्थान के 12 जिलों का प्रतिनिधित्व करेगा।
सांस्कृतिक और रचनात्मक प्रतियोगिताओं की भी तैयारी
सर्कल ऑर्गेनाइज़र गाइड सुनीता मीणा ने बताया कि जंबूरी में केवल फिजिकल डिस्प्ले ही नहीं, बल्कि लोक नृत्य, लोकगीत और नाटक प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।राजस्थान के 12 जिलों से आने वाले स्काउट गाइड दल इन प्रतियोगिताओं में भाग लेकर राज्य की संस्कृति और लोक परंपरा को प्रदर्शित करेंगे।
सहरिया नृत्य और फूड प्लाजा बनेगा आकर्षण का केंद्र
इस बार की जंबूरी में 12 जिलों की टीम सहरिया नृत्य, फूड प्लाजा प्रतियोगिता, और राजस्थान दिवस झांकी प्रदर्शन में भी भाग लेंगी।राजस्थानी व्यंजनों जैसे कस्तबाती दाल बाटी, मसाला बाटी, सौंफ बाटी, और पकौड़ी को प्रमुख रूप से प्रदर्शित किया जाएगा।सामुदायिक प्रोजेक्ट्स में जल संरक्षण, सामाजिक कुरीतियां, और नशा मुक्ति पर भी झांकियां लगाई जाएंगी।
स्किल और क्राफ्ट में दिखेगी स्काउट-गाइड की प्रतिभा
स्किल और क्राफ्ट प्रतियोगिता में स्काउट-गाइड सदस्य विद्युत कार्य, मिट्टी के तवे, लाख के चूड़े, मोमबत्ती निर्माण और ग्लोबल डेवलपमेंट से जुड़ी रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेंगे।इन कार्यक्रमों का उद्देश्य स्काउट-गाइड की कौशल विकास और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना है।
तैयारी में जुटी टीम और कोरियोग्राफर का योगदान
फिजिकल डिस्प्ले को शानदार और अनुशासित बनाने के लिए कोरियोग्राफर यश शर्मा के साथ कमलेश मीणा, लक्ष्य गोयल, संजय कुमार, नदीम खान, छोटू लाल और सुमन निरंतर सहयोग कर रहे हैं।साथ ही झालावाड़, बूंदी और कोटा के ऑर्गेनाइजर्स ने भी अपने विचार और सुझाव देकर प्रदर्शन को और प्रभावशाली बनाने का प्रयास किया है।19वीं राष्ट्रीय स्काउट गाइड जंबूरी न केवल युवा स्काउट-गाइड के कौशल का प्रदर्शन होगी, बल्कि यह अनुशासन, एकता और राष्ट्रसेवा की भावना को भी प्रोत्साहित करेगी।राजस्थान की टीम बारां से अपनी तैयारी के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम गौरवान्वित करने के लिए पूरी तरह तैयार है।
#BaranNews #ScoutGuideJamboree #19thNationalJamboree #RajasthanScoutGuide #PhysicalDisplay #ENewsRajasthan #ENewsBharat #YouthLeadership