इस्लामाबाद | पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को लेकर सोशल मीडिया पर मंगलवार देर रात अचानक उनकी मौत की अफवाह फैल गई। X प्लेटफॉर्म पर कई अकाउंट्स ने दावा किया कि इमरान को अडियाला जेल से किसी अज्ञात स्थान पर शिफ्ट कर दिया गया है। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और पाकिस्तान सरकार ने भी कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।

अडियाला जेल में एक साल से मुलाकात नहीं, बहनों का धरना
इमरान खान की बहनें—अलीमा खान, नोरीन नियाजी और डॉ. उज्मा खान—पिछले एक साल से अपने भाई से मिलने की कोशिश कर रही हैं, लेकिन हर बार जेल प्रशासन सुरक्षा कारणों का हवाला देकर मुलाकात से रोक देता है। मंगलवार रात तीनों बहनें समर्थकों के साथ जेल के बाहर शांतिपूर्ण धरने पर बैठ गईं।
पुलिस पर अंधेरा करके लाठीचार्ज करने का आरोप
धरने के दौरान पंजाब पुलिस पर गंभीर आरोप लगे। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि पुलिस ने अचानक क्षेत्र की लाइट बंद की और महिलाओं पर लाठीचार्ज कर दिया। 71 वर्षीय नोरीन खान ने दावा किया कि उन्हें बालों से पकड़कर सड़क पर घसीटा गया। अन्य महिलाओं से भी मारपीट की गई।
अदालत के आदेश के बाद भी नहीं मिली मुलाकात
मार्च 2025 में इस्लामाबाद हाईकोर्ट ने इमरान खान को परिवार और वकीलों से नियमित मुलाकात की अनुमति दी थी, जिसे अक्टूबर 2025 में दोहराया भी गया। इसके बावजूद, उनकी बहनों को अब तक एक भी मुलाकात नहीं मिली है। पिछले हफ्ते भी पुलिस ने बहनों को जबरन हिरासत में ले लिया था जब वे साप्ताहिक मुलाकात के लिए जेल पहुंची थीं।
पहले भी हो चुकी हैं बहनों के साथ घटनाएं
ये पहली घटना नहीं है। सितंबर 2025 में अलीमा खान पर मीडिया से बात करते समय अंडे फेंके गए थे। अप्रैल 2025 में तीनों बहनों को जेल के बाहर गिरफ्तार भी किया गया था। अलीमा चैरिटी वेलफेयर संगठनों से जुड़ी हैं जबकि उज्मा क्वालिफाइड सर्जन हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पाकिस्तान में रावलपिंडी पुलिस ने पूर्व पीएम इमरान खान की बहनों के साथ बदसलूकी की और उन्हें सड़क पर घसीटा। वे अपने भाई से मिलने अडियाला जेल गईं थीं। pic.twitter.com/Yh7OGhzpMr
— Tejas thakur (@tejas09thakur) November 19, 2025
इमरान खान तीन साल से जेल में, 100 से अधिक केस दर्ज
इमरान खान अगस्त 2023 से जेल में हैं और उन पर तोशाखाना केस तथा सरकारी सीक्रेट लीक करने सहित 100 से अधिक केस दर्ज हैं। अल-कादिर ट्रस्ट केस में उन पर और उनकी पत्नी बुशरा बीबी पर 1955 करोड़ रुपए की घूस लेने का आरोप है। इस केस को पाकिस्तान के इतिहास का सबसे बड़ा 50 अरब रुपए का स्कैम बताया गया है।






