लखनऊ,संवाददाता:पवन कुमार शर्मा
लखनऊ में 23 नवंबर से चल रही 19वीं राष्ट्रीय स्काउट-गाइड जंबूरी में बुधवार को आयोजित झांकी प्रदर्शन के दौरान राजस्थान की समृद्ध सहरिया संस्कृति केंद्र में रही। जिले के सहरिया स्काउट-गाइड्स ने शानदार लोक नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुति देकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। रंग-बिरंगे परिधान, पारंपरिक वाद्य और आकर्षक नृत्य मुद्राओं ने दर्शकों का दिल जीत लिया।सीओ प्रदीप चित्तौड़ा ने बताया कि इस वर्ष राजस्थान का प्रतिनिधित्व करने वाले सहरिया स्काउट-गाइड्स कई प्रतियोगिताओं में भाग लेकर प्रदेश का गौरव बढ़ा रहे हैं।जिले के एडल्ट रिसोर्स कमिश्नर एवं कोटा संभाग के गतिविधि प्रभारी अमजद यूसुफी के नेतृत्व में कल 83 सदस्यों का दल जंबूरी में हिस्सा ले रहा है।सभी सदस्य विभिन्न गतिविधियों, प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से राजस्थान की कला, इतिहास और परंपरा का गर्व से प्रदर्शन कर रहे हैं।
उद्घाटन समारोह में महाराणा प्रताप पर आधारित प्रस्तुति बनी आकर्षण का केंद्र
चित्तौड़ा ने बताया कि इससे पहले उद्घाटन समारोह में भी जिले के सहरिया स्काउट-गाइड्स ने महाराणा प्रताप के जीवन पर आधारित नृत्य-नाटिका प्रस्तुत कर धूम मचा दी थी।इस प्रस्तुति में वीरता, त्याग और साहस का ऐसा चित्रण किया गया कि दर्शक तालियां बजाते रह गए।सहरिया जनजाति गतिविधि प्रभारी तपेंद्र सिंह नाथावत के निर्देशन में जनजाति दल लगातार अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहा है।
फूड प्लाज़ा से लेकर सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं तक—गाइड्स का शानदार प्रदर्शन
सीओ गाइड सुनीता मीणा के नेतृत्व में जिले की गाइड्स ने बुधवार को फूड प्लाज़ा प्रदर्शनी सहित कई प्रमुख प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया।इन प्रदर्शनों में राजस्थान के पारंपरिक व्यंजन, ग्रामीण जीवनशैली और जनजातीय कला को कलात्मक ढंग से प्रदर्शित किया गया।जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) सीताराम गोयल भी लखनऊ में रहकर स्काउट-गाइड्स का लगातार मार्गदर्शन और उत्साहवर्धन कर रहे हैं।
योगी आदित्यनाथ ने की राजस्थान दल से मुलाकात
बुधवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी जंबूरी स्थल पर पहुंचे।उन्होंने राजस्थान दल के स्काउट-गाइड्स से बातचीत की और उनके अनुभव, गतिविधियों तथा परंपराओं को जाना।मुख्यमंत्री ने सहरिया संस्कृति की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन देश की विविध सांस्कृतिक विरासत को जोड़ते हैं और नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से परिचित कराते हैं।
61 साल बाद उत्तर प्रदेश में आयोजित हो रही जंबूरी
यह जंबूरी उत्तर प्रदेश में 61 वर्ष बाद आयोजित की जा रही है, जिससे यह आयोजन राज्य के लिए भी बेहद खास बन गया है।जंबूरी का आयोजन प्रत्येक 5 वर्ष में होता है।इस राष्ट्रीय आयोजन का समापन 28 नवंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा किया जाएगा।
जिले का दल—कई वरिष्ठ स्काउट प्रभारी कर रहे नेतृत्व
जिले के दल में कमलेश मीणा, छोटू लाल सुमन, जिला ट्रेनिंग कमिश्नर राजेंद्र कुमार, नदीम खान, हेमराज बेरवा, मोनिका मीणा सहित कई अनुभवी स्काउट प्रभारी मौजूद हैं, जो बच्चों और गाइड्स का मार्गदर्शन कर रहे हैं।
#SahariyaCulture #NationalJamboree2025 #LucknowJamboree #RajasthanScouts #ScoutGuideIndia #IndianCultureShowcase #TribalCultureIndia #SahariyaDance #RajasthanPride