जोधपुर |
जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट के झवर थाना क्षेत्र के धवा के पास मंगलवार दोपहर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जोधपुर से बाड़मेर जा रही रोडवेज बस ने बाइक सवार दंपती को टक्कर मार दी। इस हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल पति ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

सड़क क्रॉस करते समय हुआ हादसा
धवा पुलिस चौकी के ASI गजेंद्र के अनुसार हादसा दोपहर करीब 1 बजे हुआ। बाइक सवार गोविंदराम अपनी पत्नी सुखी देवी (55) के साथ जोधपुर के गेलावास गांव की ओर जा रहे थे। धवा चौकी से करीब एक किलोमीटर आगे सिणली फांटा के पास वे सड़क क्रॉस कर रहे थे, उसी दौरान रोडवेज बस ने उन्हें चपेट में ले लिया। बस की टक्कर इतनी जोरदार थी कि महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। उसके सिर पर गंभीर चोटें आईं। घायल गोविंदराम को नजदीकी सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने भी अंतिम सांस ली।

हादसे के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूटा, हाईवे जाम
दंपती की मौत की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और जोरदार विरोध शुरू कर दिया। गुस्साए लोगों ने टायर जलाकर नेशनल हाईवे 25 (जोधपुर-बाड़मेर राजमार्ग) को पूरी तरह जाम कर दिया। ग्रामीणों की मांग है कि हाईवे पर जहां से गांवों की सड़कें निकलती हैं, वहां तुरंत स्पीड ब्रेकर बनाए जाएं और ब्लैक स्पॉट को चिह्नित किया जाए। फिलहाल पुलिस ग्रामीणों को समझाने की कोशिश कर रही है, लेकिन वे हाईवे अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े हुए हैं।

बस चालक ने खुद को पुलिस थाने में किया पेश
हादसे के बाद रोडवेज बस चालक घबराकर बस को सीधे धवा पुलिस चौकी ले गया। फिलहाल पुलिस ने उसे थाने में बैठाकर पूछताछ शुरू कर दी है। मृतक दंपती के परिजनों को सूचना दे दी गई है। अभी तक इस घटना को लेकर कोई FIR दर्ज नहीं हुई है, लेकिन पुलिस का कहना है कि ग्रामीणों के हटने के बाद ही आगे की कार्रवाई शुरू की जाएगी।





