अंता _ राजस्थान विधानसभा उपचुनाव के प्रचार अभियान के बीच कांग्रेस प्रत्याशी प्रमोद जैन भाया को विरोध का सामना करना पड़ रहा है। कोटड़ी और तुमड़ा सहित कई गांवों में ग्रामीणों ने कांग्रेस प्रत्याशी का विरोध किया और “भाया मुर्दाबाद” के नारे लगाए। विरोध का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है।जानकारी के अनुसार, कोटड़ी, तुमड़ा समेत आसपास के कई गांवों में ग्रामीणों ने कांग्रेस प्रत्याशी प्रमोद जैन भाया के गांव में प्रवेश करने पर आपत्ति जताई। ग्रामीणों ने कहा कि वर्षों से भाया को वोट देते आए हैं, लेकिन क्षेत्र में कोई ठोस विकास कार्य नहीं करवाए गए।ग्रामीणों का आरोप है कि वोट लेने के बाद नेताओं ने गांव की सुध नहीं ली, सड़क, पानी, रोजगार और शिक्षा जैसी मूलभूत समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। इसी नाराजगी के चलते ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए भाया को गांव में घुसने से रोकने का प्रयास किया।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में ग्रामीणों को सड़कों पर नारेबाजी करते हुए देखा जा सकता है। “प्रमोद जैन भाया मुर्दाबाद” और “गांव में मत आना” जैसे नारे लगाए गए। वीडियो वायरल होने के बाद मामला राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है।
पुलिस प्रशासन की समझाइश
वायरल वीडियो की जानकारी मिलते ही जिला पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया। पुलिस अधिकारियों ने तुरंत गांवों का दौरा किया और ग्रामीणों से बातचीत की। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी प्रत्याशी को गांव में आने से न रोकने की अपील की।पुलिस ने ग्रामीणों को समझाया कि कानून हाथ में नहीं लिया जा सकता, और अगर किसी ने किसी का रास्ता रोका या गांव में प्रवेश से मना किया, तो उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
ग्रामीणों की प्रतिक्रिया
ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि वे वर्षों से कांग्रेस प्रत्याशी को वोट देते आ रहे हैं, लेकिन अब तक गांव में कोई बड़ा विकास कार्य नहीं हुआ। इसलिए इस बार उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी नरेश मीणा को समर्थन देने का निर्णय लिया है।ग्रामीणों का कहना है कि “हमने कांग्रेस और बीजेपी दोनों को मौका दिया, अब नरेश मीणा को मौका देंगे और ढाई साल तक उनके कामकाज को देखेंगे।
राजनीतिक माहौल गर्माया
जैसे-जैसे उपचुनाव की तारीख करीब आ रही है, क्षेत्र का माहौल और अधिक गर्म होता जा रहा है। एक ओर जहां कांग्रेस और बीजेपी अपने-अपने प्रत्याशियों के समर्थन में जनसंपर्क कर रही हैं, वहीं निर्दलीय उम्मीदवार भी पूरी ताकत से मैदान में हैं।यह विरोध कांग्रेस के लिए चुनौती बन सकता है, खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में जहां स्थानीय मुद्दे चुनावी परिणामों को प्रभावित करते हैं।कोटड़ी और तुमड़ा सहित कई गांवों में कांग्रेस प्रत्याशी प्रमोद जैन भाया के खिलाफ उठी यह नाराजगी न केवल स्थानीय असंतोष को दर्शाती है, बल्कि यह भी दिखाती है कि ग्रामीण अब विकास को प्राथमिकता देने लगे हैं। लंबे समय से उपेक्षित बुनियादी सुविधाओं की कमी और अधूरे वादों के कारण जनता में गुस्सा स्पष्ट रूप से नजर आ रहा है।
संवाददाता_घनश्याम दाधिच
#AntaByElection #RajasthanPolitics #PramodJainBhaya #CongressProtest #ViralVideo #PoliceAction #VillagersProtest