राजस्थान पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती 2025 की लिखित परीक्षा का परिणाम आधिकारिक रूप से घोषित कर दिया गया है। इस परीक्षा का आयोजन 12 और 13 सितंबर को हुआ था। इसके बाद 17 सितंबर को आंसर की जारी की गई थी और 23 सितंबर तक अभ्यर्थियों से आपत्तियां दर्ज करवाई गई थीं। सभी आपत्तियों के निराकरण के बाद अब अंतिम परिणाम जारी कर दिया गया है। इस भर्ती के लिए कुल 3.76 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था।
10,000 पदों पर भर्ती, टेलीकॉम और ड्राइवर पदों की लिस्ट जारी
इस भर्ती में कुल 10,000 पद शामिल हैं, जिनमें से 1,469 पद कॉन्स्टेबल दूरसंचार और ड्राइवर के लिए निर्धारित थे। पुलिस विभाग ने इन पदों के लिए पांच गुना अभ्यर्थियों को फिजिकल परीक्षा के लिए चयनित किया है। कुल 7,395 अभ्यर्थियों को PET-PST के लिए चुना गया है। चयनित उम्मीदवारों के रोल नंबर राजस्थान पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिए गए हैं।
अब PET और PST 30 नवंबर से 7 दिसंबर तक
लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) और शारीरिक माप-तौल परीक्षा (PST) में भाग लेना होगा। आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार, PET और PST की प्रक्रिया 30 नवंबर 2025 से 7 दिसंबर 2025 तक चलेगी। अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि और समय अनुसार उपस्थित होना होगा।
PET-PST के शारीरिक मानदंड
शारीरिक मानकों के अनुसार, पुरुष अभ्यर्थियों की न्यूनतम लंबाई 168 सेंटीमीटर और महिलाओं की लंबाई 152 सेंटीमीटर निर्धारित है। पुरुषों के लिए छाती माप 81 से 86 सेंटीमीटर अनिवार्य है। दौड़ परीक्षण में पुरुष उम्मीदवारों को 25 मिनट में 5 किलोमीटर और महिला उम्मीदवारों को 35 मिनट में 5 किलोमीटर की दूरी तय करनी होगी। ये मानदंड चयन प्रक्रिया का अनिवार्य हिस्सा हैं और अभ्यर्थियों को इन्हें पूरा करना जरूरी है।





