नई दिल्ली | राजस्थान के जयपुर, सीकर, ब्यावर और पाली में शुक्रवार सुबह बारिश हुई। उदयपुर और अजमेर संभाग के जिलों में भी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने बताया कि राज्य में पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव है, जिसके कारण बारिश हो रही है। इससे सर्दी का असर कम हुआ है। राजस्थान में 29-30 नवंबर को घने कोहरे का अलर्ट है। वहीं, 1 दिसंबर से शीतलहर की शुरुआत होने की संभावना है। मध्य प्रदेश में भी पहाड़ी इलाकों से आने वाली ठंडी हवाओं का असर कम हुआ, जिससे दिन में गर्मी का एहसास हो रहा है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन समेत 20 से अधिक शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री या उससे ज्यादा दर्ज किया गया। दिसंबर में तापमान गिरने और सर्दी बढ़ने की आशंका जताई गई है।

उत्तराखंड और हिमाचल में कड़ाके की ठंड
उत्तराखंड के चार प्रमुख धामों में तापमान माइनस 10 डिग्री से नीचे चला गया है। गुरुवार को केदारनाथ में -14°C, बद्रीनाथ -13°C, गंगोत्री -13°C और यमुनोत्री -9°C दर्ज किया गया। आदि कैलाश में पारा -15°C तक गिर गया। नदी, झील और झरने जम गए हैं, और लोग बर्फ पिघलाकर पानी पी रहे हैं।

हिमाचल प्रदेश के ताबो में न्यूनतम तापमान -7.3°C और कुकुमसैरी में -5.7°C पर पहुंच गया। कई इलाकों में पाइपों में पानी जम गया है, जबकि कुफरी में पाले की मोटी परत जम गई। राज्य के 15 शहरों का तापमान 5°C से नीचे दर्ज किया गया।

जम्मू-कश्मीर में श्रीनगर का तापमान -4.5°C दर्ज हुआ, जहां डल झील पर कोहरा छाया रहा। उत्तराखंड के अल्मोड़ा में पाला गिरने से ठंड और बढ़ गई है।

तमिलनाडु, पुडुचेरी और आंध्र प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट
IMD ने चक्रवाती तूफान ‘दित्वा’ के कारण तमिलनाडु, पुडुचेरी और आंध्र प्रदेश में भारी बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। तूफान श्रीलंका और बंगाल की खाड़ी की ओर बढ़ रहा है, जिससे तटीय इलाकों में तेज हवाओं और भारी वर्षा की संभावना है। तमिलनाडु के 15 जिलों में 28 नवंबर को भारी बारिश होने की संभावना है। तटीय इलाकों में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। 29 नवंबर को पूरे राज्य में बारिश का अलर्ट जारी रहेगा, और चेन्नई में भी भारी वर्षा हो सकती है। बारिश का सिलसिला 1 दिसंबर तक जारी रहने का अनुमान है।






