अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने सोमवार को कहा कि भारत और अमेरिका एक नए व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने के करीब हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका भारत पर लगे टैरिफ को धीरे-धीरे कम करेगा। ट्रम्प ने यह बयान ओवल ऑफिस में भारत में नए अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान दिया। उन्होंने मजाकिया लहजे में कहा — “वे (भारत) अभी मुझसे प्यार नहीं करते, लेकिन जल्द ही फिर प्यार करेंगे। हमें एक अच्छा सौदा मिल रहा है।”
भारत पर लगे टैरिफ घटाने की घोषणा
भारत पर टैरिफ कम करने के सवाल पर ट्रम्प ने कहा कि ऊंचे टैरिफ रूस से तेल खरीदने के कारण लगाए गए थे। उन्होंने कहा, “भारत ने अब रूसी तेल की खरीद काफी घटा दी है, इसलिए हम धीरे-धीरे टैरिफ कम करेंगे।” वर्तमान में भारत पर 50% अमेरिकी टैरिफ लागू है — जिसमें 25% रेसीप्रोकल टैरिफ और 25% रूस से तेल खरीद पर पेनल्टी शामिल है।

ट्रम्प बोले- मोदी के साथ शानदार रिश्ते हैं
ट्रम्प ने कहा — “भारत दुनिया का सबसे बड़ा देश है और प्रधानमंत्री मोदी के साथ हमारे संबंध शानदार हैं। सर्जियो गोर ने इन रिश्तों को और मजबूत किया है।” उन्होंने भारत को इंडो-पैसिफिक रीजन में अहम रणनीतिक पार्टनर बताया और कहा कि राजदूत गोर दोनों देशों के बीच ऊर्जा, सुरक्षा और निवेश साझेदारी को मजबूत करने पर काम करेंगे।
भारत-अमेरिका ट्रेड टॉक्स में तेजी
भारत के वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने हाल ही में बताया था कि द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर बातचीत अच्छी प्रगति पर है। लक्ष्य है कि 2030 तक व्यापार $191 अरब डॉलर से बढ़कर $500 अरब डॉलर तक पहुंच जाए।
अब तक 5 राउंड की मीटिंग्स हो चुकी हैं, और उम्मीद है कि 2025 के अंत तक पहला चरण पूरा हो जाएगा।
भारत पर अमेरिकी टैरिफ और रूस से तेल पेनल्टी
अमेरिका ने रूस पर दबाव बनाने के लिए भारत पर आर्थिक प्रतिबंध और 50% टैरिफ लगाया है। ट्रम्प कई बार कह चुके हैं — “भारत की रूस से तेल खरीद यूक्रेन में युद्ध को बढ़ावा देती है।” हालांकि, अब भारत ने तेल आयात घटाया है, जिससे संबंधों में सुधार के संकेत मिल रहे हैं।

अगले साल भारत आ सकते हैं ट्रम्प
ट्रम्प ने संकेत दिया है कि वे 2026 में भारत का दौरा कर सकते हैं। उन्होंने कहा — “PM मोदी मेरे अच्छे दोस्त हैं। उन्होंने मुझे भारत आने का न्योता दिया है और मैं वहां जाने की सोच रहा हूं।”
सर्जियो गोर बने भारत में नए अमेरिकी राजदूत
सर्जियो गोर ने सोमवार को भारत में अमेरिकी राजदूत और दक्षिण एवं मध्य एशिया के विशेष दूत के रूप में शपथ ली। समारोह में उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, विदेश मंत्री मार्को रुबियो, वित्त मंत्री स्कॉट बेसेन्ट और कई अमेरिकी सांसद शामिल हुए। सर्जियो गोर ने कहा — “भारत-अमेरिका संबंधों को नई ऊंचाई तक ले जाने के लिए मैं पूरी तरह समर्पित हूं।”
🚨JUST NOW: Sergio Gor is SWORN in as Ambassador to India by Vice President JD Vance.
pic.twitter.com/GUht317L2m— Proud Elephant 🇺🇸🦅 (@ProudElephantUS) November 10, 2025





