कोटा शहर में इन दिनों कोबरा सांपों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। आए दिन घरों और कॉलोनियों में सांपों के घुसने की घटनाएं सामने आ रही हैं। गुरुवार सुबह भी शहर के अलग-अलग इलाकों में तीन जगहों से कोबरा सांप मिलने की सूचना ने लोगों में दहशत फैला दी।
स्नेक कैचर गोविंद शर्मा बने शहर के रियल हीरो
इन घटनाओं की सूचना मिलने के बाद मशहूर स्नेक कैचर गोविंद शर्मा तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि सुबह करीब 9 बजे उन्हें मजिस्ट्रेट कॉलोनी से सूचना मिली कि एक घर में कोबरा सांप घुस गया है। मौके पर पहुंचकर उन्होंने करीब 2 फीट लंबे कोबरा सांप को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।
जिलानी बाबा की दरगाह पर 5 फीट लंबे कोबरा से मचा हड़कंप
दूसरी घटना जिलानी बाबा की दरगाह की है, जहां करीब 5 फीट लंबा कोबरा सांप घुस आया। वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही गोविंद शर्मा तुरंत पहुंचे और कोबरा को बिना किसी नुकसान के सुरक्षित पकड़ा।
सोगरिया में तीसरा कोबरा पकड़ा गया
तीसरा मामला सोगरिया क्षेत्र का है, जहां एक और 5 फीट लंबा कोबरा सांप घर में घुस गया। लोगों ने तुरंत गोविंद शर्मा को बुलाया, जिन्होंने सूझबूझ से सांप को पकड़ लिया और किसी प्रकार की अनहोनी से स्थिति को संभाल लिया।
सांपों को जंगल में छोड़ा गया, लाडपुरा रेंजर को दी गई जानकारी
तीनों स्थानों से सांपों को सुरक्षित रेस्क्यू करने के बाद, गोविंद शर्मा ने लाडपुरा रेंजर विभाग को सूचना दी और सभी कोबरों को जंगल में सुरक्षित रूप से रिलीज किया गया। उनकी इस तत्परता और साहसिक कार्य की शहरवासियों ने सराहना की।
कोटा शहर में लगातार बढ़ रही कोबरा सांप की घटनाओं के बीच गोविंद शर्मा जैसे स्नेक कैचर लोगों के लिए राहत साबित हो रहे हैं। उनकी त्वरित कार्रवाई ने न केवल तीन परिवारों को भय से मुक्त किया, बल्कि शहर में वन्यजीव संरक्षण की मिसाल भी कायम की।
संवाददाता तेजपाल सिंह बग्गा





