देशभर के 7 राज्यों की 8 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनावों की मतगणना शुक्रवार सुबह 8 बजे से शुरू हो चुकी है। शुरुआती रुझानों में कई सीटों पर दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल रहा है। राजस्थान, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, ओडिशा, तेलंगाना और मिजोरम की सीटों पर आज अंतिम परिणाम आने की उम्मीद है।

राजस्थान के अंता में कांग्रेस को मजबूत बढ़त, BJP तीसरे नंबर पर
अंता (बारां) सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार प्रमोद जैन भाया लगातार बढ़त बनाए हुए हैं। 9 राउंड की गिनती के बाद भाया करीब 6839 वोटों से आगे हैं। वहीं निर्दलीय उम्मीदवार नरेश मीणा उन्हें कड़ी टक्कर दे रहे हैं, जबकि भाजपा उम्मीदवार मोरपाल सुमन सभी राउंड में तीसरे स्थान पर ही बने हुए हैं। अंता में कुल 20 राउंड की काउंटिंग होनी है और अब तक लगभग 68 हजार वोट गिने जा चुके हैं। यह सीट कांग्रेस, निर्दलीय और भाजपा के बीच त्रिकोणीय मुकाबले के रूप में देखी जा रही थी।

पंजाब के तरनतारन में AAP आगे, अमृतपाल की पार्टी तीसरे स्थान पर
तरनतारन विधानसभा सीट पर AAP ने बढ़त बना ली है। अब तक AAP को 20,454 वोट मिले हैं, जबकि अकाली दल 16,786 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर है। खालिस्तान समर्थित संगठन से जुड़े सांसद अमृतपाल सिंह की पार्टी अकाली दल वारिस पंजाब दे तीसरे नंबर पर पहुंच गई है। यह सीट आप विधायक कश्मीर सिंह सोहल के निधन के कारण खाली हुई थी।
#WATCH | Punjab: Visuals from a counting centre in Tarn Taran assembly constituency. The counting of votes has begun.
The seat fell vacant following the demise of sitting AAP MLA Kashmir Singh Sohal. pic.twitter.com/RLDYdnByvl
— ANI (@ANI) November 14, 2025

तेलंगाना की जुबली हिल्स सीट पर कांग्रेस की लीड बरकरार
जुबली हिल्स सीट पर दूसरे राउंड के बाद कांग्रेस उम्मीदवार नवीन यादव ने 17,874 वोटों के साथ बढ़त हासिल की है। BRS उम्मीदवार सुनीता गोपीनाथ उनसे लगभग 2,995 वोटों से पीछे हैं। भाजपा उम्मीदवार दीपक रेड्डी तीसरे नंबर पर हैं और काफी पिछड़ गए हैं।
झारखंड की घाटशिला सीट पर BJP को झटका
घाटशिला में पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के बेटे और भाजपा उम्मीदवार बाबूलाल सोरेन पीछे चल रहे हैं। यह सीट पूर्व शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन के निधन के बाद खाली हुई थी। यहां कुल 20 राउंड की गिनती हो रही है।

जम्मू-कश्मीर: नागरोटा में BJP, बडगाम में नेशनल कॉन्फ्रेंस आगे
नागरोटा सीट: BJP की देवयानी राणा को शुरुआती बढ़त मिली है। वह पहले राउंड में 1111 वोटों से आगे रहीं।
बडगाम सीट: यहां नेशनल कॉन्फ्रेंस उम्मीदवार आगा सैयद महमूद आगे चल रहे हैं। इस सीट पर 49.92% वोटिंग हुई थी।
मिजोरम की डम्पा सीट पर MNF को बढ़त
डम्पा में MNF उम्मीदवार डॉ. आर. लालथंगलियाना 1549 वोटों के साथ 170 वोटों की बढ़त बनाए हुए हैं। ZPM उम्मीदवार उनसे पीछे चल रहे हैं।
ओडिशा की नुआपाड़ा सीट पर BJP की बढ़त
नुआपाड़ा में भाजपा उम्मीदवार जय ढोलकिया, जो दिवंगत विधायक राजेंद्र ढोलकिया के बेटे हैं, बढ़त बनाए हुए हैं। यहां 75.37% वोटिंग दर्ज हुई थी।
कुल मिलाकर किसकी स्थिति कैसी?
-
कांग्रेस: राजस्थान और तेलंगाना में मजबूत स्थिति
-
AAP: पंजाब में बढ़त
-
BJP: जम्मू-कश्मीर की नागरोटा और ओडिशा के नुआपाड़ा में आगे
-
MNF: मिजोरम में बढ़त
-
निर्दलीय: राजस्थान अंता में कड़ी टक्कर






