प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को अपने विशेष गुजरात दौरे पर पहुंचे। उन्होंने सुबह सूरत में बन रहे मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर (MAHSR) परियोजना का निरीक्षण किया। यह भारत की पहली हाई-स्पीड बुलेट ट्रेन परियोजना है, जिसके पूरा होने पर मुंबई से अहमदाबाद का सफर करीब दो घंटे में पूरा हो सकेगा। 508 किलोमीटर लंबा यह कॉरिडोर गुजरात, दादरा-नगर हवेली और महाराष्ट्र के प्रमुख शहरों को जोड़ेगा। सूरत स्टेशन इस प्रोजेक्ट का अहम केंद्र है और यहां काम तेजी से चल रहा है।
देवमोगरा मंदिर पहुंचे प्रधानमंत्री, पंडोरी माता की पूजा की
सूरत का निरीक्षण पूरा करने के बाद प्रधानमंत्री मोदी नर्मदा जिले के डेडियापाड़ा पहुंचे, जहां उन्होंने प्रसिद्ध देवमोगरा मंदिर में पूजा-अर्चना की। यह मंदिर आदिवासी समुदाय की कुलदेवी पंडोरी माता को समर्पित है, जिनकी आस्था गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और राजस्थान में फैली हुई है। पीएम मोदी ने यहां पारंपरिक आदिवासी पोशाक धारण कर पूजा की, पंडोरी माता को पीले वस्त्र, श्रृंगार सामग्री और नारियल अर्पित किया। स्थानीय पुजारियों द्वारा किए गए विशेष अनुष्ठान में प्रधानमंत्री ने भाग लिया।

पीएम ने पंडोरी माता की आरती की

पीएम ने पंडोरी माता को पीले वस्त्र चढ़ाए

प्रधानमंत्री ने पंडोरी माता को श्रृंगार सामग्री चढ़ाई
4 किलोमीटर लंबा रोड शो, हजारों आदिवासियों का स्वागत
देवमोगरा मंदिर में दर्शन के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने डेडियापाड़ा में करीब 4 किलोमीटर लंबा रोड शो किया। सड़क के दोनों ओर हजारों आदिवासी लोग मौजूद थे। कई स्थानों पर आदिवासी महिलाओं और पुरुषों ने पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत किया। ढोल-नगाड़ों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच प्रधानमंत्री लोगों का अभिवादन स्वीकार करते हुए आगे बढ़े। यह रोड शो पूरे आदिवासी क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल लेकर आया।

पीएम ने 4 किमी लंबा शो किया

रोड शो के दोनों तरफ आदिवासी नृत्य करते रह
भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर राष्ट्रीय कार्यक्रम
प्रधानमंत्री मोदी आज भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के राष्ट्रीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। उन्होंने 15 नवंबर को “जनजातीय गौरव दिवस” घोषित किया था और इस वर्ष देशभर में बड़े पैमाने पर आयोजन हो रहे हैं। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ₹9700 करोड़ से अधिक की विकास और इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। ये परियोजनाएं स्वास्थ्य, सड़क, शिक्षा, जल संसाधन और ग्रामीण विकास से जुड़ी हैं।
1 लाख से अधिक घरों का गृह प्रवेश कार्यक्रम
प्रधानमंत्री मोदी “प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी न्याय महाअभियान” और “धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान” के तहत बने 1 लाख नए आदिवासी घरों के गृह प्रवेश कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगे। इन योजनाओं का लक्ष्य आदिवासी परिवारों को सुरक्षित आवास, बिजली, जल कनेक्शन, स्वच्छता और बुनियादी सुविधाएँ उपलब्ध कराना है।
सूरत में बिहारी समुदाय से मुलाकात करेंगे प्रधानमंत्री
गुजरात दौरे के अंत में प्रधानमंत्री मोदी सूरत एयरपोर्ट पर बिहारी समुदाय से मुलाकात करेंगे। सूरत में लाखों की संख्या में बिहारी लोग रहते और काम करते हैं और वे पीएम मोदी के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में जुटेंगे। अंदाज़ है कि लगभग 10 से 15 हजार लोग इस स्वागत कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री सी.आर. पाटिल और हर्ष सांघवी भी मौजूद रहेंगे।





