अमेरिका | राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने थैंक्स गिविंग के मौके पर गरीब देशों से आने वाली इमिग्रेशन को स्थायी रूप से रोकने की घोषणा की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट शेयर कर बताया कि अमेरिका अब तकनीकी उन्नति के बावजूद गलत इमिग्रेशन नीतियों से पैदा हुई सामाजिक समस्याओं को रोकने के लिए कदम उठा रहा है। ट्रम्प ने कहा कि जो लोग अमेरिका के लिए फायदेमंद नहीं हैं या देश के लिए सच्चा प्यार नहीं रखते, उन्हें भी निकाला जाएगा। यह घोषणा व्हाइट हाउस के पास नेशनल गार्ड सैनिकों पर एक अफगान नागरिक द्वारा गोली चलाने की घटना के बाद आई।

नॉन-सिटिजन को अब कोई सरकारी सुविधा नहीं मिलेगी
राष्ट्रपति ने साफ कहा कि गैर-नागरिकों को अब कोई सरकारी सुविधा, सब्सिडी या लाभ नहीं दिया जाएगा। जो प्रवासी देश की शांति भंग करेंगे, उनकी नागरिकता भी छीनी जाएगी। ट्रम्प ने यह भी कहा कि जो लोग सार्वजनिक बोझ, सुरक्षा के लिए खतरा या पश्चिमी सभ्यता के अनुरूप नहीं हैं, उन्हें भी देश से बाहर किया जाएगा। उनका मानना है कि इन कदमों से अवैध और परेशानी पैदा करने वाली आबादी को कम किया जा सकेगा।
19 देशों के प्रवासियों की जांच
ट्रम्प के अनुसार, अमेरिकी सरकार अब 19 देशों से आए प्रवासियों की स्थायी निवास (परमानेंट रेजिडेंसी) की स्थिति की जांच करेगी। प्रभावित देशों में अफगानिस्तान, बर्मा, चाड, कांगो, इक्वेटोरियल गिनी, एरिट्रिया, हैती, ईरान, लीबिया, सोमालिया, सूडान, यमन, बुरुंडी, क्यूबा, लाओस, सिएरा लियोन, टोगो, तुर्कमेनिस्तान और वेनेजुएला शामिल हैं। ट्रम्प का मानना है कि तकनीकी प्रगति के बावजूद इमिग्रेशन की गलत नीतियों ने आम अमेरिकियों की जिंदगी खराब कर दी है। उन्होंने कहा, “इस समस्या का समाधान रिवर्स माइग्रेशन, यानी लोगों को उनके देश वापस भेजना ही है।”

अफगान शरणार्थी ने नेशनल गार्ड्स पर हमला किया
अमेरिका में बुधवार को व्हाइट हाउस के पास नेशनल गार्ड्स के दो जवानों को गोली मारी गई। इस मामले में 29 साल के अफगान शरणार्थी रहमानुल्लाह लाकनवाल को हिरासत में लिया गया। वह अगस्त 2021 में अफगानिस्तान से अमेरिका आया और 2024 में शरणार्थी का दर्जा मिला। इस घटना के बाद अमेरिका ने अफगान नागरिकों की इमिग्रेशन प्रक्रिया तुरंत रोक दी। अमेरिकी सिटिजन और इमिग्रेशन सर्विस (USCIS) ने कहा कि सुरक्षा जांच और वेटिंग सिस्टम की समीक्षा पूरी होने तक कोई भी अफगान नागरिक आगे की प्रक्रिया नहीं कर सकेगा।
ट्रम्प का वीडियो मैसेज और सुरक्षा निर्देश
राष्ट्रपति ट्रम्प ने वीडियो संदेश में कहा कि अफगानिस्तान एक तरह से नरक जैसी जगह है और अमेरिका में पिछले शासन में आए प्रवासियों की जांच ठीक से नहीं हुई। उन्होंने बताया कि 2 करोड़ ऐसे विदेशी अमेरिका में घुसे, जिनकी जांच पूरी नहीं हुई थी। इसके अलावा, ट्रम्प ने पेंटागन को निर्देश दिया कि वॉशिंगटन DC में सुरक्षा बढ़ाने के लिए 500 अतिरिक्त नेशनल गार्ड्स तैनात किए जाएँ। उन्होंने कहा कि आरोपी इसका भारी मूल्य चुकाएगा और इसे मानवता के खिलाफ अपराध बताया।





